Vijayalaxmi Sadho Biography in Hindi

डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ का जन्म 13 नवम्बर, 1955 को खरगोन जिले के मण्डलेश्वर में हुआ। एमबीबीएस की शैक्षणिक योग्यता रखने वाली डॉ. साधौ की रुचि पर्यटन एवं वन्य-जीवन के क्षेत्र में भी है।


डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ वर्ष 1985 में आठवीं विधानसभा में पहली बार निर्वाचित हुईं। उन्हें अनुसूचित-जाति, अनुसूचित-जनजाति तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति, लोक लेखा और महिला एवं बाल कल्याण समिति का सदस्य बनाया गया। इसके साथ ही डॉ. साधौ मध्यप्रदेश गृह निर्माण मण्डल की तीन वर्ष तक संचालक भी रही हैं। उन्होंने वर्ष 1985 में मॉस्को में आयोजित विश्व युवा सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 1985 से 1993 के दौरान डॉ. साधौ मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस-ई की महामंत्री बनी। डॉ. साधौ वर्ष 1986 में अमेरिका में हुए आम चुनाव का अध्ययन करने गये दल में भी शामिल थीं।


डॉ. साधौ वर्ष 1989 में उत्तर कोरिया में विश्व युवा सम्मेलन में भारतीय दल में सदस्य के रूप में शामिल रही। डॉ. साधौ वर्ष 1989-90 में संसदीय सचिव लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा जेल विभाग भी रही। वे वर्ष 1985 से निरंतर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी तथा वर्ष 1990 से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सदस्य रही। उन्होंने भाजपा शासनकाल में अनेक बार जेल यात्रा की। दसवीं विधानसभा में निर्वाचित डॉ. साधौ पर्यटन, संस्कृति, 20 सूत्रीय कार्यक्रम, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एवं संस्कृति मंत्री भी रहीं।



डॉ. साधौ ने वर्ष 1995 में जर्मनी, इंग्लैण्ड, मलेशिया, सिंगापुर, फिलीपींस एवं बैंकांक की यात्रा की। उन्होंने वर्ष 1996 में लंदन में विश्व पर्यटन मेले में भी भाग लिया। डॉ. साधौ 11वीं विधानसभा में भी वर्ष 1998 में निर्वाचित हुईं और नर्मदा घाटी विकास और समाज कल्याण विभाग की मंत्री रहीं। डॉ. साधौ वर्ष 2008 में चौथी बार विधानसभा सदस्य के रूप में निर्वाचित हुईं। डॉ. साधौ ने राज्यसभा के सदस्य के रूप में निर्वाचित होने पर 22 जून, 2010 को विधानसभा की सदस्यता से त्याग-पत्र दिया। डॉ. साधौ वर्ष 2018 में 15वीं विधानसभा में महेश्वर विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा सदस्य के रूप में निर्वाचित हुई हैं।



डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ ने 25 दिसम्बर, 2018 को मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ के मंत्रीमण्डल में मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।