विदेशों में दोनों कीमती धातुओं में नरमी के बीच दिल्ली सराफा बाजार में सोना 100 रुपये फिसलकर 41,770 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। लगातार चार दिन की तेजी के बाद सोने के भाव टूटे हैं। वहीं, चांदी की चमक लगातार पांचवें दिन बढ़ी। यह 60 रुपये चढ़कर 8 जनवरी के बाद के उच्चतम स्तर 48,550 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी के भाव पांच दिन में 1,350 रुपये बढ़ चुके हैं।
दोनों कीमती धातुओं के भाव इस प्रकार रहे
धातु | रेट |
सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम | 41,770 रुपये |
सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम | 41,600 रुपये |
चाँदी हाजिर प्रति किलोग्राम | 48,550 रुपये |
चांदी वायदा प्रति किलोग्राम | 47,754 रुपये |
सिक्का लिवाली प्रति इकाई | 970 रुपये |
सिक्का बिकवाली प्रति इकाई | 980 रुपये |
गिन्नी प्रति आठ ग्राम | 30,800 रुपये |
लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर 2.20 डॉलर लुढ़ककर 1,578.60 डॉलर प्रति औंस रह गया। वहीं, फरवरी का अमेरिकी सोना वायदा भी 1.50 डॉलर की बढ़त में 1,578.90 डॉलर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतिगत दरों पर होने वाली बैठक से पहले निवेशकों की सतर्कता के कारण पीली धातु दबाव में आई है।
फेड की दो दिवसीय बैठक 29 जनवरी को समाप्त होगी जिसके बाद मौद्रिक नीति पर बयान जारी किया जायेगा। विश्लेषकों का कहना है कि नोवेल कोरोना वायरस के बढ़ते के मामलों के कारण सोने को समर्थन मिल रहा है। अंतरार्ष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर 0.02 डॉलर की गिरावट के साथ 18.02 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।