ब्रिटेन और फ्रांस को पीछे छोड़ भारत बना दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था: रिपोर्ट

भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ी अच्छी खबर आई है। भारत अब विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। भारतीय अर्थव्यवस्था ने पिछले साल 2019 में ब्रिटेन और फ्रांस को पछाड़ दिया है। अमेरिका के रिसर्च इंस्टीट्यूट वर्ल्ड पॉपुलेशन रिव्यू ने एक रिपोर्ट से यह जानकारी दी है। इंस्टीट्यूट ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि आत्मनिर्भर बनने की पहले की पॉलिसी से भारत अब आगे बढ़ गया है और वह एक ओपन मार्केट वाली अर्थव्यवस्था के रूप में डेवलप हो रहा है।



‘‘भारत सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के मामले में 2,940 अरब डॉलर के साथ विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। जीडीपी के मामले में भारत ने पिछले साल में ब्रिटेन और फ्रांस को पीछे छोड़ दिया है।’’


यहां बता दें कि ब्रिटेन की इकोनॉमी 2830 अरब डॉलर की है, जबकि फ्रांस की अर्थव्यवस्था का आकार 2710 अरब डॉलर का है। क्रय शक्ति समता (PPP) के आधार पर भारत की GDP 10,510 अरब डॉलर है। यह जापान और जर्मनी से भी ज्यादा है। भारत में ज्यादा जनसंख्या के चलते प्रति व्यक्ति GDP 2,170 डॉलर है।


 


अमेरिका की बात करें, तो वहां की प्रति व्यक्ति जीडीपी 62,794 डॉलर है। हालांकि, पिछले कुछ समय में सुस्ती के चलते भारत की वास्तविक GDP ग्रोथ रेट लगातार तीसरी तिमाही में कमजोर रह सकती है। यह 7.5 फीसद से घटकर 5 फीसद पर आ सकती है।


इंस्टीट्यूट ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि भारत में आर्थिक उदारीकरण की शुरुआत 1990 के दशक में हुई है। इसके बाद कई सुधार लाए गए। इंडस्ट्री को नियंत्रण मुक्त किया गया, विदेशी व्यापार और इन्वेस्टमेंट पर नियंत्रण कम किया व साथ ही पब्लिक सेक्टर की कंपनियों का निजीकरण किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, इन उपायों से भारत को आर्थिक वृद्धि में तेजी लाने में मदद मिली है।